रायपुर। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने ट्रक चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चालक और उसके कंडक्टर के साथ मारपीट कर नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,200 रुपये नकद, हाईवा की चाबी और हथौड़ी जब्त की है।
यह भी पढ़े :- NIA-ED करेगी दिल्ली ब्लास्ट की फंडिंग की जांच, अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर फॉरेंसिक जांच का शिकंजा
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ढालेन्द्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 नवंबर 2025 की रात करीब 12:10 बजे, वह अपनी हाईवा वाहन में रेत भरकर रायपुर के दुर्गा नगर, पंडरी के पास खाली करने आया था। इस दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए ट्रक के केबिन में घुस गए। आरोपियों ने वाहन की चाबी निकाल ली और चालक व कंडक्टर के साथ मारपीट की, साथ ही हथौड़ी से जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे केबिन में रखे नगद रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
शिकायत पर थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 214/25, धारा 115(2), 296, 309, 324(4), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी देवेंद्र नगर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही मुखबिर तंत्र के जरिए जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान नंदन राय उर्फ नंदा, सुजल विभार उर्फ सोनू और हर्षित तांडी के रूप में की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी नंदन राय उर्फ नंदा थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक एक्ट और मारपीट के आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- नंदन राय उर्फ नंदा पिता स्व. अमल कृष्ण राय, उम्र 40 वर्ष, निवासी गांधी नगर, पंडरी, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
- सुजल विभार उर्फ सोनू पिता अशोक विभार, उम्र 20 वर्ष, निवासी बेहरा कॉलोनी, झंडा चौक, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
- हर्षित तांडी पिता निर्मल तांडी, उम्र 20 वर्ष, निवासी दुर्गा नगर कपड़ा मार्केट, थाना देवेंद्र नगर, रायपुर।
देवेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



