CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए किसानों की सुविधा और धान विक्रय प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ का शुभारंभ किया है। इस एप के माध्यम से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समितियों में लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी।
यह मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसानों को सर्वप्रथम आधार आधारित ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद किसान प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से टोकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि सीमांत कृषक (2 एकड़ या उससे कम भूमि) को अधिकतम 1 टोकन, लघु कृषक (2 से 10 एकड़) को अधिकतम 2 टोकन और दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक) को अधिकतम 3 टोकन दिए जाएंगे।
नए टोकन के लिए आवेदन रविवार से शुक्रवार तक सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जा सकेगा और जारी टोकन अगले 7 खरीदी दिवसों तक मान्य रहेंगे। धान खरीदी केंद्र की प्रतिदिन की कुल सीमा का 70 प्रतिशत हिस्सा मोबाइल एप के माध्यम से टोकन हेतु आरक्षित रहेगा, जिसमें लघु और सीमांत कृषकों के लिए 80 प्रतिशत और दीर्घ कृषकों के लिए 20 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित किया गया है। शेष 30 प्रतिशत टोकन सोसाइटी स्तर पर भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि सभी किसानों को समान अवसर मिल सके।
खाद्य विभाग द्वारा विकसित यह एप आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाएगा, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा और समय की बचत के साथ किसानों के लिए सुगम व्यवस्था प्रदान करेगा।



