कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु पर हमला कर दिया। दोनों अधिकारियों को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :- Dharmendra Health Update: अस्पताल से डिस्चार्ज हुए बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र, अब घर पर ही होगा आगे का इलाज
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच तहसीलदारों को सूचना मिली थी कि आदर्श नगर स्थित राजेश ब्यूटी पार्लर में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसी सूचना पर दोनों अधिकारी अपनी-अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी से मौके पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि जब दोनों अधिकारी दुकान के भीतर मौजूद थे, तभी बाहर कुछ युवकों ने गाड़ियों को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर जब दोनों तहसीलदार बीच-बचाव के लिए बाहर आए, तो युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना की सूचना तुरंत कुसमुंडा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है।



