रायपुर। देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले में हुए धमाके में आठ लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।
यह भी पढ़े :- मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि : तीन दवाएं तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट
अलर्ट के बाद हाईकोर्ट, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और अस्पतालों जैसे स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। रायपुर पुलिस को सघन पेट्रोलिंग और चौक-चौराहों पर निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर और बिलासपुर सहित सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
रायपुर एयरपोर्ट परिसर में डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल टीम ने जांच अभियान चलाया। यात्रियों और उनके सामान की सघन तलाशी ली जा रही है। एयरपोर्ट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है। आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।



