नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 15 या 16 दिसंबर को अबू धाबी में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इस बार भी ऑक्शन विदेश में ही आयोजित होगा। सभी फ्रेंचाइजी को ऑक्शन से पहले 15 नवंबर तक अपनी रिटेन लिस्ट जमा करनी होगी। सूत्रों के अनुसार, ऑक्शन 16 दिसंबर को हो सकता है और इसमें 10 फ्रेंचाइजी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी।
पिछले दो आईपीएल ऑक्शन विदेशों में ही हुए थे जेद्दा (सऊदी अरब) और दुबई (यूएई) में। इस बार अबू धाबी में आयोजित मिनी ऑक्शन का कारण विदेशी सहयोगी स्टाफ के लिए सुविधाओं का होना बताया जा रहा है। भारत में ऑक्शन आयोजित करने की संभावना पहले चर्चा में थी, लेकिन विदेशी सहयोगियों और प्रसारण टीम की उपस्थिति को देखते हुए अबू धाबी को प्राथमिकता दी गई।
ऑक्शन से पहले सभी टीमों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी होगी। इस समय सीमा से पहले या उसी दिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच एक हाई-प्रोफाइल ट्रेड की संभावना भी जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन का नाम इस ट्रेड में शामिल हो सकता है। संभावना है कि वे चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रांसफर हों, जबकि रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स में जा सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स ने सैमसन के संभावित ट्रांसफर को लेकर कई फ्रेंचाइजी से बातचीत की थी, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के साथ सौदा अंतिम चरण तक पहुंचा, लेकिन अचानक रुक गया। इस प्रकार, अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं होने पर यह ट्रेड डील CSK के साथ पूरी हो सकती है।
वहीं, विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी इस बार 27 नवंबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस तरह आईपीएल 2026 के लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और क्रिकेट प्रेमियों को दिसंबर में अबू धाबी में होने वाले ऑक्शन का बेसब्री से इंतजार है।



