रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बार फिर पूर्व सरकारी अधिकारी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। रिटायर्ड असिस्टेंट फूड ऑफिसर संजय दुबे के खिलाफ आरंग थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल संजय दुबे फरार बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने थाने में बताया कि संजय दुबे ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने तुरंत मामले में कार्रवाई शुरू कर आरोपी की तलाश में दबिशें बढ़ा दी हैं।
संजय दुबे पहले भी कई विवादों में घिरे रहे हैं। खाद्य विभाग में पदस्थ रहते हुए उन्हें रिश्वतखोरी के आरोप में एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ आईटी एक्ट और धार्मिक भावना आहत करने का केस दर्ज हुआ था, जिसके चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा।
आरंग थाना प्रभारी ने बताया कि “आरोप बेहद गंभीर हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जांच प्राथमिकता से जारी है।”



