रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ताज़ा कार्रवाई का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सुकमा और दंतेवाड़ा के 12 ठिकानों पर की गई छापेमारी अरनपुर IED ब्लास्ट मामले में बड़ा और जरूरी कदम है।
डिप्टी सीएम शर्मा ने मीडिया से कहा एनआईए की कार्रवाई पूरी तरह स्पष्ट और आवश्यक है। यह माओवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों के खिलाफ निर्णायक कदम है। जब नकदी, लेवी रसीदें और डिजिटल उपकरण जैसे सबूत मिले हैं, तो कार्रवाई तो बनती ही है। शर्मा ने कहा कि ऐसी कार्रवाईयों से बस्तर में शांति और विश्वास बहाल होगा, और माओवादी नेटवर्क पर गहरा असर पड़ेगा।
कांग्रेस पर तंज — पहले आपसी विवाद सुलझा लें, फिर वोटर लिस्ट पर चर्चा करें
वोटर लिस्ट में संशोधन (SIR – Special Intensive Revision) और BLO नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी सीएम शर्मा ने करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस इस विषय पर तब चर्चा करेगी जब उनका आपसी विवाद खत्म होगा — लेकिन तब तक समय निकल चुका होगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि “राज्य में जो भी घुसपैठिए हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट से कटवाए जाएंगे।”
BJP ने जनता का दिल जीता है, फिक्स वोट बैंक की राजनीति नहीं करते
कांग्रेस नेताओं द्वारा बीजेपी के वोट बैंक पर सवाल उठाए जाने पर विजय शर्मा ने तीखा जवाब देते हुए कहा,BJP ने जनता का दिल चुराया है। दिल चुराने के लिए परिश्रम लगता है — 24 घंटे जनता के बीच रहना पड़ता है। भाजपा रोज मेहनत करती है, जनता के भरोसे पर जीती है। हमारा कोई फिक्स वोट बैंक नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी गंभीरता से काम कर रही है, जबकि कांग्रेस पहले अपने विवाद सुलझाए, फिर SIR पर ध्यान दे।
धान खरीदी पर सरकार का भरोसा — “पारदर्शिता के साथ होगी रिकॉर्ड खरीदी
धान खरीदी को लेकर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तैयारी में जुटी है। पिछली बार प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीदी की गई थी। इस बार भी पारदर्शिता के साथ खरीदी होगी। बाहर से धान लाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी — पकड़े जाने पर धान राजसात किया जाएगा।



