बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो दिन पहले कोरबा पैसेंजर और मालगाड़ी की टक्कर में 11 लोगों की मौत हुई थी। हादसे की दहशत अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि गुरुवार को एक बार फिर रेल ट्रैक पर अफरातफरी मच गई। कोरबा मेमू लोकल ट्रेन के आगे और पीछे दो मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर आ गईं, जिससे यात्रियों में भय और भ्रम की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर रेल हादसा: गैरइरादतन हत्या की एफआईआर, मेमू ट्रेन ने खतरे का सिग्नल पार किया — शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा
यह घटना कोटमीसोनार और जयरामनगर स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। जैसे ही यात्रियों को पता चला कि तीनों ट्रेनें एक ही ट्रैक पर हैं, कई लोग घबराकर सुरक्षा के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इस पर बिलासपुर रेलवे जोन के सीपीआरओ सुष्कर विपुल विलासराव ने बताया कि यह ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली के तहत सामान्य परिचालन प्रक्रिया है और इसमें किसी तरह का खतरा नहीं था। उन्होंने कहा, “यह रूटीन प्रक्रिया है, यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है। अफवाहों से बचें।”
हालांकि, हाल ही में लालखदान के पास हुए भीषण हादसे के बाद यात्रियों के मन में भय बना हुआ है। ऐसे में एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनों की आवाजाही देखकर लोग दहशत में आ गए और कई ने एहतियातन ट्रेन छोड़ दी। रेलवे प्रशासन ने घटना को सामान्य परिचालन गतिविधि बताते हुए स्थिति पर नियंत्रण की बात कही है।



