रायपुर। राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र के हर्षित फॉर्च्युना अपार्टमेंट में मंगलवार रात एक महिला के घर भोजन करने पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही परिजनों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान महिला और प्रॉपर्टी डीलर दोनों घायल हुए। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कोटा बड़ा भवानी नगर निवासी ईश्वर साहू, जो जमीन खरीदी-बिक्री और समाजसेवा का कार्य करते हैं, अपने घरवालों से लंबे समय से अलग रह रहे हैं। रात वे एक परिचित महिला के घर भोजन करने पहुंचे थे। तभी अचानक उनके बेटे मनीष समेत अन्य परिजन और ससुराल के लोग वहां पहुंच गए।
परिजनों ने महिला पर गाली-गलौज शुरू कर दी और ईश्वर साहू को पकड़कर मारपीट करने लगे। आरोप है कि बेटे मनीष ने पिता के साथ हाथापाई करते हुए उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। मारपीट में महिलाएं भी शामिल थीं।
हंगामे की खबर मिलते ही कॉलोनी में भारी भीड़ जमा हो गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही। कॉलोनीवासियों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। आमानाका पुलिस ने बताया कि हमले में ईश्वर साहू को चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं महिला के नाक व मुंह से खून बह निकला था और उसकी पीठ व कलाई में भी चोटें हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
ईश्वर साहू ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके परिजन और ससुराल वाले पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांकेतिक फोटो,



