रायपुर। रायपुर जिले में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। राजस्व विभाग ने ग्राम कांदूल और काठाडीह में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया।
कलेक्टर- डीएफओ कॉन्फ्रेंस में तय हुआ हरित विकास का एजेंडा, मुख्यमंत्री साय ने दिए अहम निर्देश
जानकारी के अनुसार, ग्राम कांदूल में दो अलग-अलग स्थानों पर लगभग 5–5 एकड़, कुल 10 एकड़ भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। राजस्व टीम ने वहां मुरूम रोड काटी, पिलर तोड़े और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
वहीं, ग्राम काठाडीह में 1.77 एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
पूरी कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर एसडीएम नंद कुमार चौबे के नेतृत्व में, अतिरिक्त तहसीलदार राकेश देवांगन और उनकी राजस्व टीम ने अंजाम दी।
यह कार्रवाई लगातार तीसरे दिन की गई है। बीते एक सप्ताह में रायपुर जिले के कई क्षेत्रों में राजस्व विभाग ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की है, जिससे अतिक्रमण और कानून की अवहेलना करने वालों को कड़ी चेतावनी मिली है।



