बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौके पर ही जान चली गई थी। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी मां ने भी शनिवार सुबह रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
घर की सफाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार के नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह दीपावली की तैयारी के लिए अपने घर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। अचानक करंट लगने से घर में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़े :- रायपुर में रविवार को नहीं बिकेगा मांस-मटन, होटल और दुकानों पर भी रहेगी पाबंदी
पति को बचाने के लिए पत्नी वर्षा और बेटा ईशान तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। बिजली का झटका इतना तेज था कि राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं।
रायपुर में इलाज के दौरान मां ने भी तोड़ा दम
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल वर्षा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। यहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार सुबह वर्षा ने भी अंतिम सांस ले ली।
मां की मौत के साथ ही इस हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की जिंदगी खत्म हो गई। दीपावली के त्योहार से ठीक पहले हुई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
हादसे का वीडियो आया था सामने, बालकनी तक पहुंची थीं आग की लपटें
इस घटना का खौफनाक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में घर की बालकनी के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से तेज चिंगारियां और आग निकलती दिखाई दे रही थीं। बिजली के करंट के प्रभाव से घर की बालकनी में भी आग फैलती नजर आई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई थी। हादसे की भयावहता देखकर हर कोई सहम गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से नेहरू चौक सहित पूरे बलौदाबाजार क्षेत्र में शोक की लहर है।




