कांकेर। जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में त्योहार के दौरान मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटे जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इसे लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय से शराब की बोतलें जब्त कर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े :- खुली पाती : भाजपा कार्यकर्ताओ की मुख्यमंत्री के नाम……..
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि त्योहार के अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को उपहार के रूप में मिठाई के बजाय शराब की बोतलें दी जा रही थीं। कांग्रेस ने इसे विभाग में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है।
पुलिस EE को लेकर पहुंची थाने
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची। पुलिस कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लेकर गई। इसके बाद विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए।

पुलिस ने कार्यालय से मिली शराब की बोतलों को जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की बोतलें कार्यालय में कैसे पहुंचीं और इन्हें वहां किस उद्देश्य से रखा गया था।
अधिकारी बोले- शराब कहां से आई, जानकारी नहीं
वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी ने कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि उन्हें नहीं पता कि शराब की बोतलें कार्यालय में कहां से आईं।
अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई और रास्ते में उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने पुलिस के इस व्यवहार को अशोभनीय बताया है।
फिलहाल पुलिस ने शराब की बोतलें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




