रायपुर। राजधानी रायपुर में एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर में बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये की नकदी पार कर दी। परिवार के साथ पैतृक गांव से लौटने पर कारोबारी को चोरी की जानकारी हुई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- सूरजपुर हादसे के बाद बवाल मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रभारी तहसीलदार निलंबित
परिवार के साथ गांव गया था कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार निवासी सीताराम गुप्ता के मकान के भूतल पर ‘केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान संचालित होती है। यहां कूलर, आलमारी समेत इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपयोग का सामान बेचा जाता है।
सीताराम गुप्ता 19 अक्टूबर की दोपहर घर में ताला लगाकर परिवार के साथ नवरात्रि मनाने अपने पैतृक गांव खटखरी गए थे। उनका गांव शाहपुर थाना क्षेत्र, जिला मऊगंज/रीवा (मध्य प्रदेश) में बताया गया है। 2 नवंबर को करीब दोपहर 2 बजे जब परिवार वापस रायपुर पहुंचा, तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
अलमारी तोड़कर जेवर और कैश किया पार
घर के भीतर पहुंचने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी।
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 7 से 8 तोला सोने के आभूषण, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर और 5 से 8 लाख रुपये नकद ले गए हैं। चोरी गए सामान में करीब 2.5 तोला मंगलसूत्र, 1 तोला मनचली, 1.5 तोला हार, 1 तोला झुमकी और 1 तोला अंगूठी शामिल बताई गई है।
इसके अलावा करीब 750 ग्राम करधन, 250 ग्राम अधकमरी, 300 ग्राम पायल, 300 ग्राम छागल, 250 ग्राम छोटी पायल, 50 ग्राम बिछिया और करीब 200 ग्राम बच्चे की पायल व करधन भी चोरी होने की जानकारी दी गई है।
मृत बेटे की सहायता राशि भी थी नकदी में
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोरी हुई नकदी में करीब 4 लाख रुपये उनके दिवंगत बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद मिली सहायता राशि के थे। शेष रकम कारोबार से संबंधित बताई गई है।
प्राथमिकी और पुलिस रिकॉर्ड में चोरी गई संपत्ति का शुरुआती मूल्यांकन 7.50 लाख रुपये से अधिक बताया गया है। हालांकि, पीड़ित द्वारा बताए गए जेवरात और नकदी को देखते हुए कुल नुकसान का अंतिम आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज किया है।
मामले की जांच ASI रखलाल भारती कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चोरी में शामिल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।




