जगदलपुर। बस्तर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। टांडपाल के जंगल में एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बड़ांजी थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान पलवा नवागांव निवासी करन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आज सुबह टांडपाल के जंगल में उसका शव संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही बड़ांजी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
मौत की वजह जानने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




