बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के दो युवकों ने बच्ची को डराकर एक घर में ले गए और वहां तीसरे युवक को बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को ही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
पेन खरीदने निकली थी बच्ची, रात तक नहीं लौटी
मामला रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 13 वर्षीय पीड़िता गांव के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। शिकायत के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने के लिए दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
रात करीब 8 बजे तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।
रात 11 बजे बेहोशी की हालत में मिली
इसी बीच रात करीब 11 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि बच्ची को गांव के कुछ युवक एक रिश्तेदार के घर लेकर पहुंचे हैं और उसकी हालत बेहोशी जैसी है।
परिजन तत्काल वहां पहुंचे। बच्ची को उपचार के लिए गुंडरदेही अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर लाया गया।
26 अक्टूबर को मां को बताई पूरी घटना
परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी और चुप रहने लगी। मां ने जब उससे बातचीत कर घटना के बारे में पूछा तो 26 अक्टूबर को उसने कथित वारदात की जानकारी दी।
पीड़िता के बयान के अनुसार, दो युवक उसे डराकर एक घर में ले गए थे। वहां उन्होंने एक अन्य युवक को बुलाया। आरोप है कि इसके बाद बच्ची को घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया और उसके साथ जबरदस्ती की गई।
पुलिस के मुताबिक, धमकी के कारण बच्ची घटना के बारे में तत्काल किसी को नहीं बता सकी। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की बात भी सामने आई है।
मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना का पता चलने के बाद पीड़िता की मां 27 अक्टूबर को परिजनों और गांव के प्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 65(1), 70(2), 137(2), 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है।
एक आरोपी नाबालिग, पुलिस ने तीनों को पकड़ा
एसडीओपी विनय साहू ने बताया कि मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




