रायगढ़। फाइनेंस कंपनी की महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त और लोन क्लोज करने के नाम पर लाखों रुपये वसूलने के बाद रकम कंपनी में जमा नहीं करने वाले कलेक्शन एजेंट को रायगढ़ पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 40 महिला हितग्राहियों से कुल 7 लाख 58 हजार 937 रुपये लेने और पूरी रकम खर्च कर देने का आरोप है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
किस्त और लोन क्लोज कराने के नाम पर वसूले पैसे
पुलिस के मुताबिक, भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड की रायगढ़ शाखा के मैनेजर वासुदास मानिकपुरी ने 31 अगस्त 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, कंपनी में कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करने वाले विक्रम सिंह सिदार ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के बीच 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्तें और बकाया ऋण एकमुश्त जमा करने के नाम पर रकम ली। लेकिन इसके बाद उसने यह पैसा कंपनी में जमा नहीं किया।
महिला हितग्राहियों की ओर से ब्रांच में लिखित शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। उनके खातों में कुल 7,58,937 रुपये की राशि लंबित पाई गई।
पहले बोला- जल्द जमा कर दूंगा, फिर मोबाइल किया बंद
शिकायत के बाद जब आरोपी से मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उसने कुछ दिनों में रकम कंपनी में जमा करने की बात कही। लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला हितग्राहियों और शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए गए। साथ ही ग्राहकों के खातों से जुड़े लेजर और पासबुक की सत्यापित प्रतियां भी जब्त की गईं।
रायगढ़ से भागकर हैदराबाद में बन गया सेल्समैन
जांच में आरोपी विक्रम सिंह सिदार (20), निवासी अमेराडीह, वार्ड नंबर-3, पोस्ट पिहरीद, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के फरार होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो लोकेशन हैदराबाद में मिली।
इसके बाद रायगढ़ पुलिस की टीम हैदराबाद रवाना हुई। बंजारा हिल्स इलाके में तलाश के दौरान आरोपी एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के तौर पर काम करता मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और रायगढ़ लेकर पहुंची।
पूछताछ में रकम खर्च करने की बात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गबन की गई रकम को खर्च कर देना बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




