कवर्धा। शहर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही चालक ने स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते चालक के नीचे उतर जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में राधा कृष्ण मंदिर के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में स्कूटी धू-धूकर जलती हुई दिखाई दे रही है और उससे काले धुएं का गुबार उठ रहा है। आग की लपटें देखकर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।




