बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर में बिस्तर पर खून से लथपथ मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से महिला का पति लखन बंजारे लापता है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घर में मिला महिला का शव, पड़ोसियों ने दी सूचना
मामला भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम टोनाटार का है। मृतका की पहचान रोहनी बंजारे (50) के रूप में हुई है। वह अपने पति लखन बंजारे के साथ गांव में रहती थी। जानकारी के मुताबिक, घर में काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने आवाज लगाकर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा तो रोहनी का शव बिस्तर पर पड़ा था। आसपास खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर पड़ोसी घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
शरीर पर गहरी चोटें, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर का निरीक्षण किया और मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के छींटे पाए गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत कैसे हुई और क्या वारदात में किसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
पति के लापता होने से मामले में बढ़ी जांच की दिशा
घटना के बाद से मृतका का पति लखन बंजारे लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की मौत के पीछे की वजह और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।




