बालोद। शासकीय स्कूल की प्रधानपाठिका को अपने ही बेटे और बेटी की शिकायत के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बच्चों ने अपनी मां पर लंबे समय से शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए थे। मामले की जांच बाल कल्याण समिति की ओर से किए जाने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, शबाना बानो ग्राम परसदा स्थित शासकीय स्कूल में प्रधानपाठिका के पद पर पदस्थ हैं। उनके बेटे और बेटी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी मां लंबे समय से उनके साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना करती थीं तथा गाली-गलौज करती थीं।
शिकायत मिलने के बाद प्रकरण को बाल कल्याण समिति के समक्ष रखा गया। समिति की जांच के बाद मामला कोतवाली पुलिस तक पहुंचा। शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रधानपाठिका शबाना बानो को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




