गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर रेत से भरे 9 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद अवैध परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
खनिज विभाग के मुताबिक, मरवाही क्षेत्र के चिचगोहना, मडवाही, कुम्हारी और मरिहीघाट से 5 ट्रैक्टर जब्त किए गए, जिन्हें मरवाही थाने में खड़ा कराया गया है। वहीं अमेराटिकरा और मौहारिटिकरा से एक-एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिन्हें कोटमी चौकी में रखा गया है।
इसी तरह खन्ता-लालपुर क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त कर नगर सैनिक लाइन में सुपुर्द किया गया है। सभी वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) और 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने बताया कि नियमानुसार अर्थदंड और समझौता राशि जमा होने के बाद ही जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों की तत्काल और गुणवत्तापूर्ण जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक छवि ओट्टी की भूमिका रही। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




