रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहू पारा में देर रात ट्रिपल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई। एक युवक ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़े :- पितृ पक्ष की ये 3 तिथियां हैं बेहद खास, भूलकर भी न चूकें श्राद्ध-तर्पण; जानें 2026 का पूरा कैलेंडर
घटना माना थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, साहू पारा में किराए के मकान में रहने वाले बालोद निवासी भुनेश्वर साहू का देर रात परिवार में विवाद हुआ। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो बच्चों आशीष साहू (10) तथा ज्ञान साहू (8) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद खुद पर किया चाकू से हमला
पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और जांच शुरू कर दी। तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।




