भिलाई। सेक्टर-6 में ट्यूशन से घर लौट रही नाबालिग छात्रा को सुनसान इलाके में दो युवकों ने रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास से गुजर रहे कुछ स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से बचाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें एक आरोपी नाबालिग बताया गया है।
यह भी पढ़े :- भाठागांव में निगम टीम पर हमला, सब्जी दुकानें हटाने पहुंची टीम के 3 कर्मचारी घायल
घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। छात्रा रोज की तरह ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। ट्यूशन से लौटने के बाद उसे अपनी सहेली के घर जाना था। इसी दौरान बीएसपी क्षेत्र के सेक्टर-6 में खंडहर पड़ी इमारतों और झाड़ियों वाले सुनसान हिस्से में दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
छात्रा के शोर मचाने पर पहुंचे स्थानीय युवक
आरोप है कि दोनों युवकों ने छात्रा को घेर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। घटना से घबराई छात्रा ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने उसकी आवाज सुनी और खंडहर की ओर पहुंचे।
युवकों को अपनी ओर आता देखकर दोनों आरोपी वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोककर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित किया।
चार घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों पर जांच के दौरान पुलिस ने करीब चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग और एक बालिग शामिल है। नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
खाली बीएसपी भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद सेक्टर-6 में लंबे समय से खाली पड़े और जर्जर बीएसपी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद ऐसे सुनसान और जर्जर परिसरों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।




