रायपुर। राजधानी के भाठागांव में सड़क पर लग रही सब्जी दुकानों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का बुधवार को कुछ दुकानदारों ने विरोध कर दिया। कार्रवाई के दौरान विवाद बढ़ने पर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना में निगम के तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। राजस्व विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने गुंजा सोनकर, छविलाल सोनकर और वासु सोनकर समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के रूट पर विवाद, सदर रोड से डीजे-धुमाल के साथ झांकी निकालने का विरोध
तराजू जब्त करने के दौरान बढ़ा विवाद
नगर निगम की टीम बुधवार सुबह भाठागांव पहुंची थी। अधिकारियों के मुताबिक, नए सब्जी बाजार में व्यापारियों को पाटे आवंटित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ दुकानदार सड़क पर दोबारा दुकानें लगा रहे थे। इससे यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने की शिकायत मिल रही थी।
इसी के चलते निगम की टीम सड़क पर लगी दुकानों को हटाने और दुकानदारों के तराजू जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार, पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया।
तीन कर्मचारियों को आई चोट
विवाद के दौरान निगम अधिकारी आकाश झा, गौरव घोरपड़े और कर्मचारी शांतनु घायल हो गए। तीनों के सिर में चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
नगर निगम की उपायुक्त अंजलि शर्मा ने कहा कि बाजार में पाटे आवंटित होने के बावजूद कुछ लोग सड़क पर दुकानें लगा रहे थे। उन्हें हटाने की कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों पर हमला किया गया, जिसमें तीन कर्मचारी घायल हुए हैं।
281 व्यापारियों को आवंटित किए गए पाटे
निगम के मुताबिक, भाठागांव के नए सब्जी बाजार में 281 व्यापारियों को पाटे आवंटित किए गए हैं। प्रत्येक पाटे के लिए 3 हजार रुपये प्रीमियम और 300 रुपये प्रतिमाह किराया निर्धारित किया गया है। निगम का कहना है कि पाटों का आवंटन महापौर, स्थानीय पार्षद, बाजार विभाग के अधिकारियों और व्यापारियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लॉटरी के माध्यम से किया गया था।
निगम के अनुसार, अब तक 50 से अधिक व्यापारियों ने निर्धारित राशि जमा कर दी है।
पाटों के आवंटन को लेकर पहले से नाराजगी
भाठागांव सब्जी बाजार की शिफ्टिंग और पाटों के आवंटन को लेकर व्यापारियों में पहले से नाराजगी है। व्यापारियों ने चबूतरा नंबर बदलने, एक ही परिवार के तीन सदस्यों को जगह देने, चबूतरों के आकार में अंतर और पुराने स्थानीय व्यापारियों को जगह नहीं मिलने जैसे आरोप लगाए हैं।
इन मांगों को लेकर सोमवार को व्यापारियों ने जोन-6 कार्यालय का घेराव किया था। इसके बाद मंगलवार को निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया गया। व्यापारियों ने मौजूदा आवंटन निरस्त कर नए सिरे से लॉटरी कराने की मांग की थी।
सड़क पर दुकान लगाने पर कार्रवाई जारी रखने की बात
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर दुकानें लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसलिए सड़क और मुख्य मार्ग पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, निगम कर्मचारियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




