रायपुर। छत्तीसगढ़ में नेताओं के बीच खुली बहस और आमने-सामने जायजा लेने की चुनौती का सिलसिला जारी है। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच बहस के बाद अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर सियासी तकरार शुरू हो गई है।
यह भी पढ़े :- मुस्लिम युवक से शादी के बाद बेटी ने बदला धर्म, पिता ने जीवित बेटी का किया पिंडदान; रिश्ता खत्म करने का ऐलान
दीपक बैज ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री को चुनौती दी कि वे उनके साथ प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में चलें और मौके पर जाकर जमीनी स्थिति देखें। बैज का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।
जायसवाल बोले- अस्पताल आप चुनिए, मैं साथ चलूंगा
बैज की चुनौती पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि अस्पताल का चयन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपनी पसंद से कर सकते हैं। उन्होंने रायपुर या बस्तर क्षेत्र के किसी भी अस्पताल में साथ चलने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि वे स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि बैज के पुराने मित्र के रूप में भी उनके साथ अस्पताल जाने को तैयार हैं। उन्होंने बैज से कहा कि जब भी जाना हो, उन्हें इसकी जानकारी दे दें।




