कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी। रक्षाबंधन पर महिला के मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद सेप्टिक टैंक से उसका शव बरामद हुआ।
यह भी पढ़े :- रिपोर्ट वापस लेने का दबाव! कोर्ट से लौट रही महिला से मारपीट, देवर पर गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि मनोज नशे का आदी था। आरोप है कि 27 अगस्त को उसने संतोषी के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया।
बताया गया कि आरोपी ने संतोषी के भाइयों को भी गुमराह किया। रक्षाबंधन पर जब संतोषी मायके नहीं पहुंची तो भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की बाड़ी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला। बदबू आने पर परिजनों ने टैंक की जांच की तो अंदर संतोषी का शव मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से 5 सितंबर से आरोपी मनोज उरांव फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों तथा घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा होने की बात पुलिस ने कही है।




