बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के भटगांव में तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने घर के सामने खड़े तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े :- अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, अछोटा रोड से 8 हाइवा जब्त
बातचीत कर रहे थे तीनों, तभी हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग भटगांव में एक घर के सामने खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मालवाहक वाहन वहां से गुजरा। वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो सगे भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वाहन छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद मालवाहक चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के साथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।




