कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र में चलती मालगाड़ी के इंजन पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पत्थर उनके सिर पर जा लगा, जिससे उन्हें चोट आई और खून बहने लगा। पथराव से इंजन के दरवाजे का कांच भी टूट गया। घटना के बाद घायल लोको पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े :- मंत्री खुशवंत साहब के भाई ढाल दास कांग्रेस में शामिल, भूपेश बघेल ने कराया प्रवेश
गेवरा खदान जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान की ओर कोयला लोड करने जा रहे थे। मालगाड़ी जैसे ही दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, अज्ञात लोगों ने अचानक इंजन पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव के दौरान एक पत्थर लोको पायलट के सिर पर जा लगा। चोट लगने से उनके सिर से खून बहने लगा। वहीं इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया। घटना के बाद मालगाड़ी को रोकना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना लोको पायलट ने रेलवे के उच्च अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल सुनील कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद मालगाड़ी काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दीपका रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पथराव करने वालों की पहचान करने में जुटी है। दीपका पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी
चलती ट्रेन पर पथराव की घटना को लेकर रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और अन्य रेलकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा होता है।
रेलवे कर्मचारियों ने आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




