रायपुर। राजधानी के पंडरी स्थित श्याम स्क्वायर के इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने का दावा किया है। पूछताछ के बाद स्पा संचालक और मैनेजर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट), 1956 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि स्पा सेंटर में कथित तौर पर दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था।
युवतियों ने लगाए जबरन देह व्यापार कराने के आरोप
पुलिस का कहना है कि स्पा में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ के दौरान संचालक और मैनेजर पर जबरन देह व्यापार कराने के आरोप लगाए गए। इन बयानों और मौके से मिली सामग्री के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।
मामले में स्पा संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में पीटा एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर की गतिविधियों में और कौन लोग शामिल थे तथा युवतियों को दूसरे राज्यों से किस माध्यम से बुलाया जाता था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




