सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से करीब 11 लोगों की मौत होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। वहीं करीब चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि लगभग 25 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद कई मरीजों को बंडा सिविल अस्पताल से सागर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़े :- रेलवे ट्रैक पर बैठा था युवक, ट्रेन की चपेट में आने से कटे दोनों पैर
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटैरिया और पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
कई गांवों के लोग प्रभावित
बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में पाटन, नौराज, डिलौना, बमूरा, हिनौती और गूगरा खुर्द सहित आसपास के अन्य गांवों के ग्रामीण शामिल हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
एहतियातन कई शराब दुकानें सील
मामले के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की शराब दुकानें सील कर दी हैं। शराब के सैंपल लिए जा रहे हैं और उनकी जांच कराई जा रही है। घटना के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
नकली ‘बांबे व्हिस्की’ की शिकायत का भी जिक्र
जानकारी के अनुसार, आबकारी कार्यालय में हाल ही में बाजार में ‘बांबे व्हिस्की’ के नाम से कथित तौर पर बिक रही नकली शराब को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। यह शिकायत एक लाइसेंसी शराब ठेकेदार ने की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
घटना से कुछ दिन पहले आबकारी विभाग की बैठक में लाइसेंसी ठेकेदारों ने क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और नकली शराब की बिक्री को लेकर अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई थी। ठेकेदारों ने अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी।
मौतों की वास्तविक वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौतों और लोगों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या है। प्रशासन द्वारा शराब के सैंपल सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शराब माफिया का प्रभाव बढ़ गया है। पटवारी ने कहा कि सागर में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं और सरकार को मामले की न्यायिक जांच करानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों और कथित शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
घटना के बाद प्रभावित गांवों में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




