रायगढ़। सड़क पर बारिश के पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रायगढ़ में एक युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से दो बार फायरिंग कर दी गई। आरोपी ने युवक के सिर को निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन युवक के अचानक नीचे बैठ जाने से वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
बारिश के छींटों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना 29 अगस्त की रात कोतरारोड इलाके की है। सड़क से गुजरने के दौरान बारिश के पानी के छींटे पड़ने को लेकर आरोपी का खुशहाल अग्रवाल निवासी कोतरारोड से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखी पिस्टलनुमा एयरगन निकाल ली और खुशहाल के सिर की तरफ दो बार फायर किया। हालांकि, फायरिंग के दौरान खुशहाल नीचे बैठ गया, जिससे वह छर्रों की चपेट में आने से बच गया।
वारदात के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से आरोपी की बाइक जब्त कर ली।
जांच में हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा (44) के रूप में की। आरोपी मूल रूप से जालंधर, पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में रायगढ़ के ग्राम तेंदूडिपा कलमी में रह रहा था।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टलनुमा हथियार भी बरामद किया। आर्म्स एक्सपर्ट से जांच कराने पर यह एयरगन पिस्टल निकली, जिसमें सामान्य गोली की जगह छर्रों का इस्तेमाल होता है।
साले ने भागने में की मदद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी को फरार कराने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू ने मदद की थी। पुलिस के अनुसार, मोबाइल पर बातचीत के बाद बुधराम अपनी बाइक से हरसवरन को भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था।
वहां से आरोपी ट्रेन के जरिए ग्वालियर चला गया। पुलिस ने बुधराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास दबिश देकर हरसवरन को गिरफ्तार कर लिया।




