रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका के सूने क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा किया।
यह भी पढ़े :- भारी बारिश का कहर: आज सभी स्कूल बंद, कलेक्टर की अनुमति से देर रात जारी हुआ आदेश
घटना 31 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारी क्वार्टर क्रमांक 3/5 में हुई। पुलिस के अनुसार, शिक्षिका यशवंती साहू करीब 11:40 बजे स्कूल चली गई थीं। इसके कुछ देर बाद उनकी बेटी भी करीब 12:05 बजे क्वार्टर में ताला लगाकर बाहर चली गई।
इसी दौरान आरोपियों ने पहले बाइक से इलाके की रेकी की। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच दोनों आरोपी दोबारा एक्टिवा से पहुंचे और क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए।
करीब 3:25 बजे शिक्षिका की बेटी वापस क्वार्टर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आलमारी से जेवरात और नगदी गायब मिले। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना खमतराई पुलिस, नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
109 ग्राम सोना समेत 16.50 लाख का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें रानी हार, मंगलसूत्र, कंगन, सोने की माला और कान के लटकन शामिल हैं। इसके अलावा सोने की पॉलिश वाला चांदी का हार और 10 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
बरामद सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। चांदी के हार और नगदी सहित जब्त चोरी के सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी जब्त की है।
दोनों आरोपियों का पुराना चोरी का रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारिक खान (32) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग और मो. तौसीफ (29) निवासी तकियापारा, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज रहे हैं। सारिक खान के खिलाफ वर्ष 2017 में दुर्ग जिले में चोरी का अपराध दर्ज हुआ था, जबकि मो. तौसीफ के खिलाफ वर्ष 2022 में चोरी का मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
रायपुर पुलिस की नागरिकों से अपील
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर या परिसर की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे उचित स्थान पर लगाएं। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस, 112 या कंट्रोल रूम को सूचना दें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी संस्थान या घर में कामगार अथवा नौकर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराया जाए। जिन परिसरों में सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान, वाहन नंबर और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।




