बलरामपुर। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश और अतिवृष्टि के चलते जनजीवन प्रभावित है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण एवं सुदूर इलाकों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर 2026 को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
यह भी पढ़े :- जानें कैसे पड़ा नीम करौली बाबा नाम? भक्त मानते हैं ‘कलियुग के हनुमान’
जिला शिक्षा अधिकारी ने 1 सितंबर की देर रात कलेक्टर की अनुमति से इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालय 2 सितंबर को बंद रहेंगे।
नदी-नाले उफान पर, कई इलाकों में आवागमन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। कई ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने भी बलरामपुर जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
बारिश के चलते कई क्षेत्रों में स्कूल भवनों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल बुलाना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिम भरा हो सकता है। लगातार बारिश के कारण स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी प्रभावित हो रही थी।
सरकारी और निजी सभी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के मुताबिक, 2 सितंबर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से एक दिन के अवकाश का आदेश जारी किया गया है। आगे मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है।




