रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल 3,921 अभ्यर्थियों में से 608 अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए किया गया है। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को किया गया था।
यह भी पढ़े :- पूर्व पटवारी के घर ED की दबिश, सुबह-सुबह पहुंची टीम; इलाके में मचा हड़कंप
608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के परिणाम के आधार पर आयोग ने कुल 3,921 अभ्यर्थियों का मुख्य परीक्षा के लिए चयन किया था। निर्धारित तिथियों पर आयोजित लिखित परीक्षा के परिणाम अब जारी कर दिए गए हैं। आयोग ने परिणाम वर्गवार और उपवर्गवार जारी किया है। निर्धारित अर्हकारी अंक प्राप्त करने वाले 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित किया गया है।

21 सितंबर से इंटरव्यू शुरू होने की संभावना
मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी करने के साथ ही आयोग ने साक्षात्कार की संभावित तिथि भी जारी की है। CGPSC के अनुसार, साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम आयोग की ओर से अलग से जारी किया जाएगा।
इंटरव्यू से पहले दस्तावेज सत्यापन जरूरी
आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को अपने साक्षात्कार की तारीख से एक दिन पहले मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
आयोग के अनुसार, जो अभ्यर्थी निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अग्रमान्यता फॉर्म करना होगा जमा
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अग्रमान्यता फॉर्म भी जमा करना होगा। इसके लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आवश्यक जानकारी अपडेट करनी होगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि साक्षात्कार से संबंधित विस्तृत सूचना और कार्यक्रम के लिए वे नियमित रूप से CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।




