कबीरधाम। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े :- CGPSC मेंस 2025 का रिजल्ट जारी, 608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित; 21 सितंबर से साक्षात्कार संभावित
गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी थी गांजे की खेप
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर थाने के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
प्रारंभिक जांच में संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की बारीकी से जांच की। इस दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर खाकी रंग की टेप से लपेटकर पैकेटों में छिपाया गया गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 447.445 किलोग्राम पाई गई।
गांजा, कंटेनर और मोबाइल समेत 2.51 करोड़ की जब्ती
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। कंटेनर की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। गांजे और अन्य जब्त सामान को मिलाकर कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 2.51 करोड़ रुपये है।
अमृतसर निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब के अमृतसर का निवासी बताया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य की जानकारी जुटा रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी ANTF
मामले की गंभीरता को देखते हुए ANTF की टीम भी जांच में जुट गई है। टीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कंटेनर में गुप्त चेंबर कब और कहां तैयार किया गया तथा इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
बड़ी मात्रा में गांजा बरामद कर अंतरराज्यीय तस्करी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की कार्रवाई की राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने सराहना की। उन्होंने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




