रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास रविवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़े :- ड्यूटी पर नहीं पहुंचे डॉक्टर, तलाश करने पहुंचे कर्मचारी तो बाथरूम में मिला फंदे पर शव
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। अश्वनी नगर के गौसिया मस्जिद के पास अहमद खान का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए अहमद एक्टिवा से भागने लगा, लेकिन उसकी स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।
इसके बाद पीछा कर रहे हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अहमद को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने आरपीएफ के साथ समन्वय कर कार्रवाई की। इस दौरान तीन नाबालिगों को बिलासपुर और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या में शामिल एक नाबालिग आरोपी कुछ दिन पहले ही लूट के एक मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। इसके बाद वह दोबारा गंभीर अपराध में शामिल हो गया।
फिलहाल चारों नाबालिग पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, विवाद की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




