नारायणपुर। जिले के अदनार इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और BSF की संयुक्त सर्चिंग के दौरान जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने मौके से 10 राइफल, 2 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, 13 जिंदा BGL शेल, कारतूस और करीब 2 किलो विस्फोटक बरामद किया है।
यह भी पढ़े :- युवक की चाकू मारकर हत्या, वारदात के बाद ट्रेन से भागने की फिराक में थे आरोपी; 4 नाबालिग हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 29 अगस्त को अदनार क्षेत्र के जंगलों में चलाए जा रहे सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान की गई। नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सुरक्षा बल लगातार अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में अभियान चला रहे हैं।
इसी अभियान के तहत पुलिस और 129वीं वाहिनी BSF की संयुक्त टीम अदनार क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग कर रही थी। ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल की तलाशी के दौरान जवानों को संदिग्ध स्थान पर नक्सलियों का पुराना डंप मिला। जब सुरक्षा बलों ने वहां तलाशी ली तो हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
बरामद हथियार और सामग्री
303 राइफल – 1
315 राइफल – 4
12 बोर राइफल – 5
बैरल ग्रेनेड लॉन्चर – 2
टेलिस्कोपिक साइट – 1
जिंदा BGL शेल – 13
12 बोर कारतूस – 16
विस्फोटक पदार्थ – करीब 2 किलो
सुरक्षा बलों के मुताबिक, बरामद हथियार और अन्य सामग्री को नक्सलियों ने पूर्व में किसी स्थान पर छिपाकर रखा था। सर्चिंग के दौरान डंप का पता लगने के बाद पूरी सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत जब्त किया गया।
पुलिस का कहना है कि नारायणपुर जिले में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बावजूद जंगलों और दुर्गम इलाकों में पहले छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश लगातार जारी है। सुरक्षा बलों का फोकस ऐसे सभी संभावित डंप और नक्सली अवशेषों को खोजकर निष्क्रिय करने पर है।
अधिकारियों के अनुसार, अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, ताकि नक्सल गतिविधियों से जुड़े बचे हुए संसाधनों को पूरी तरह खत्म किया जा सके। बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




