कांकेर। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई मार्गों पर पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है। इसी बीच अंतागढ़ क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़े :- दोस्त के सामने नाबालिग से दरिंदगी, जिप्सी से बांधकर बनाया बंधक; तीन गिरफ्तार
गोंड बिनापाल और हिंदू बिनापाल के पास एप्रोच सड़क का एक हिस्सा तेज पानी के बहाव में क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक वाहन पानी में डूबे क्षतिग्रस्त हिस्से का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण गड्ढे में जा गिरा। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे।
पानी में नहीं दिखा सड़क का टूटा हिस्सा
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सड़क के ऊपर से पानी बह रहा था। रात होने के कारण वाहन चालक को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही चालक ने वाहन आगे बढ़ाया, अचानक वाहन क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्से में बने गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी तरफ का दरवाजा खोला और वाहन में सवार दोनों अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते सभी के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में वाहन के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
चेतावनी बोर्ड नहीं होने से बढ़ा खतरा
घटना के बाद सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त सड़क के पास वाहन चालकों को खतरे की जानकारी देने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या पर्याप्त सुरक्षा संकेतक नहीं लगाया गया था। बारिश, पानी के तेज बहाव और अंधेरे के बीच यह स्थिति हादसे का कारण बन सकती है।
बारिश में बढ़ा सड़क हादसों का खतरा
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई मार्गों और पुल-पुलियों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। प्रशासन की ओर से घटना के बाद मौके पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि दोबारा इस तरह की दुर्घटना न हो।




