भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में ठंडा समोसा लाने की बात को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने दोस्त की बहन के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे नाराज होकर दो दोस्तों ने युवक पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में सुपेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में खूनी रात: डीडी नगर में एक ही रात दो हत्याएं, चाकूबाजी से दहशत
चखना लाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, हिमांशु नेवारे अपने दोस्त मनीष और योगेश्वर के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान हिमांशु ने दोनों दोस्तों को चखना लाने के लिए भेजा। दोनों जब समोसा लेकर वापस लौटे तो वह ठंडा हो चुका था। ठंडा समोसा देखकर हिमांशु नाराज हो गया और इसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बहन पर टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान हिमांशु ने योगेश्वर की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात से मनीष और योगेश्वर भड़क गए। दोनों ने गुस्से में हिमांशु पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हिमांशु को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले में मनीष और योगेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




