बलौदाबाजार। जिले के पलारी में फर्जी ट्रांसफर आदेश के जरिए सरकारी कर्मचारी को स्थानांतरण का लाभ दिलाने के मामले में पुलिस ने भाजपा के दो पदाधिकारियों समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि CMHO कार्यालय के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया गया और उसे असली बताकर सरकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढ़े :- दो सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों की एक दिवसीय हड़ताल, भानुप्रतापपुर में बड़ी संख्या में जुटे शिक्षक
मामले में भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन के खिलाफ पलारी थाना पुलिस ने 21 अगस्त की रात मामला दर्ज किया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
BMO कार्यालय में पेश किया गया था कथित ट्रांसफर आदेश
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने 17 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी के समक्ष एक कथित ट्रांसफर आदेश प्रस्तुत किया था।
कथित आदेश में करण देवांगन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा स्थानांतरित करने का उल्लेख था। दस्तावेज में CMHO कार्यालय का आदेश क्रमांक और 14 अगस्त 2026 की तारीख दर्ज थी।
जांच के दौरान आदेश संदिग्ध पाया गया। BMO कार्यालय ने इसकी जानकारी CMHO कार्यालय को दी, जहां से स्पष्ट किया गया कि ऐसा कोई आदेश जारी ही नहीं किया गया था। कथित आदेश पर किए गए हस्ताक्षर भी CMHO के नहीं होने की बात सामने आई।
राज्य संवर्ग का है पद
CMHO कार्यालय ने बताया कि करण देवांगन का पद राज्य संवर्ग का है और उनके स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है। इसके अलावा, उस समय स्थानांतरण पर प्रतिबंध भी लागू था।
इसके बाद BMO कार्यालय की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
भाजपा ने दोनों पदाधिकारियों को किया निष्कासित
मामले में संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए भाजपा ने जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




