रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद शनिवार को रायपुर लौट आए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के विकास और प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
यह भी पढ़े :- बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप-ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 3 मजदूरों की मौत
रायपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम के कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आ चुका है। सरकार आने वाले समय में निवेशकों के लिए नए अवसर और बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में निवेश बढ़ने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों को भी छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्रीय मंत्री प्रदेश के दौरे पर आ सकते हैं।
वहीं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक मामले पर मुख्यमंत्री साय ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच अभी जारी है। प्रकरण में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




