सूरजपुर। जिले के बसदेई थाना क्षेत्र स्थित शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- वन विभाग ने जारी किए IFS प्रशिक्षु अधिकारियों की फील्ड पोस्टिंग, विभिन्न वनमंडलों में मिली जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद बसदेई थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेन से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।



