रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) प्रशिक्षु अधिकारियों की फील्ड ट्रेनिंग के लिए अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ फॉरेस्ट) के रूप में नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़े :- मोबाइल टावर की केबल काटते दो युवक पकड़े गए, लोगों ने बांधकर पुलिस को सौंपा
जारी आदेश के अनुसार कुनाल मिश्रा को वनमंडल सरगुजा के अंतर्गत अंबिकापुर, मुग्धा जालिंदर यादव को वनमंडल कटघोरा के कटघोरा, परख सारडा को वनमंडल सुकमा के सुकमा, प्रीति यादव को वनमंडल नारायणपुर के उत्तर नारायणपुर तथा यशस्वी मौर्य को वनमंडल राजनांदगांव के राजनांदगांव में उप वनमंडलाधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।

वन विभाग के अनुसार प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रशिक्षु अधिकारी संबंधित वनमंडलों में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए वन प्रबंधन, संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण और विभागीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी सभी अधिकारी फिलहाल उसी उप वनमंडल में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को फील्ड स्तर पर प्रशासनिक और तकनीकी अनुभव प्रदान कर उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है।



