रायपुर। राजधानी के मोवा इलाके में स्थित अशोका आइकन सोसाइटी में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। अज्ञात चोर एक मकान की अलमारी तोड़कर करीब 51.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़े :- CGPSC-2021 भर्ती घोटाले की जांच में ED की एंट्री, मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से खंगाले जा रहे संदिग्ध लेनदेन
घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय परिवार किसी काम से नया रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। परिवार जब वापस लौटा तो घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था।
जांच के दौरान पता चला कि अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
परिजनों ने घर में काम करने वाले रसोइए महेंद्र कुमार यादव पर संदेह जताया है। परिवार को आशंका है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसाइटी में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्ध आरोपी और उसके संभावित साथियों की तलाश में जुटी हुई है।



