रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि राज्य सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक जल्द होगी। समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में यूसीसी विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है।
कर्नाटक दौरे पर रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समिति यूसीसी से जुड़े विभिन्न कानूनी और सामाजिक पहलुओं का अध्ययन कर अपनी अनुशंसाएं देगी। इसके बाद सरकार आगे की विधायी प्रक्रिया शुरू करेगी।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हाल में हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध और प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के प्रदर्शनों के दौरान पत्थरबाजी जैसी घटनाएं हुईं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सत्य साईं ग्राम के कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि वे कर्नाटक के सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे और सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में यूसीसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होने की संभावना है। अब सभी की नजर जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई समिति की बैठक और उसकी सिफारिशों पर रहेगी, जिसके आधार पर सरकार आगे का निर्णय लेगी।



