कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आज रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
यह भी पढ़े : बिजली कटौती और बढ़े बिल के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ट्रांसफार्मर की पूजा कर जताया विरोध
इस दुर्घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद से बस चालक मौके से फरार है।
गीदम जाने के लिए निकला था परिवार
कोंडागांव कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने बताया कि कोंडागांव निवासी एक युवक रविवार सुबह करीब 8 बजे अपने परिवार के दो सदस्यों के साथ कार से गीदम जाने के लिए निकला था। कार जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दूधगांव के पास पहुंची, तभी जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही कांकेर रोडवेज की बस ने उसे सामने से अपनी चपेट में ले लिया।
बस चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण बस में बैठे कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोंडागांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को मर्चुरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।



