पेण्ड्रा। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुपारा (वार्ड क्रमांक-02) में बकाया मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि टाइल्स ठेकेदार ने मजदूरी का भुगतान मांगने पहुंचे मजदूर के सिर पर पत्थर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मजदूर ने करीब एक माह पहले स्थानीय टाइल्स ठेकेदार विजय रजक के साथ तीन दिनों तक टाइल्स लगाने का काम किया था। काम पूरा होने के बावजूद उसे मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। पीड़ित ने कई बार अपनी मेहनताना राशि मांगी, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जीवन पनिका के घर के पास पीड़ित की मुलाकात विजय रजक से हुई। इस दौरान उसने दोबारा अपनी बकाया मजदूरी मांगी। आरोप है कि इसी बात पर ठेकेदार भड़क गया और पहले गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान विजय रजक ने पास में पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर मजदूर के सिर पर हमला कर दिया। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोट आई। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद भागीरथ रजक ने बीच-बचाव कर घायल मजदूर को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पेण्ड्रा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी विजय रजक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



