कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे शुक्रवार सुबह दो वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई, जो गुरुवार से लापता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़े :- बकाया मजदूरी मांगने पर मजदूर पर जानलेवा हमला, ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज
जानकारी के अनुसार, रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गया था। नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे कुछ देर के लिए रुका। इसी दौरान मां बच्चे को दूध पिलाते-पिलाते वहीं सो गई, जबकि पिता आगे निकल गए थे। जब मां की नींद खुली तो मासूम वहां नहीं था।
परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम तक खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना बालको पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले की ओर चला गया और पानी में गिरने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।
बालको थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी इसी डेंगूनाला में तेज बहाव के दौरान एक दंपति बह गया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही थी। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।



