बिलासपुर। जिले मे शादी का झांसा देकर एक युवती का तीन साल तक शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तखतपुर थाना पुलिस ने इस गंभीर आरोप में विभाग के ही एक पूर्व आरक्षक सनत मीरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता को लगातार अपने प्रेम जाल में फंसाए रखा और जब बात शादी तक पहुंची, तो वह मुकर गया।
यह भी पढ़े :- नव्या मलिक एमडीएमए केस की जांच अब SIT के हवाले, ड्रग सिंडिकेट और मनी ट्रेल की होगी गहन पड़ताल
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी सनत मीरी ने उसे शादी का पवित्र भरोसा दिया था। इसी वादे की आड़ में वह पिछले तीन वर्षों से लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती जब भी उस पर विवाह करने का दबाव बनाती, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। आखिरकार, जब पूर्व आरक्षक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तब पीड़िता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
खुद को ठगा महसूस पाकर पीड़िता ने तखतपुर थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। शिकायत की शुरुआती जांच सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और दबिश देकर पूर्व आरक्षक सनत मीरी को हिरासत में ले लिया।



