बेमेतरा, 26 जून। Bemetara ACB Action : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी सफलता हासिल की है। ACB की टीम ने थान खम्हरिया थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया था। तय रणनीति के तहत टीम ने थान खम्हरिया थाना में दबिश दी और आरोपी प्रधान आरक्षक को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ जारी, अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही ACB
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी प्रधान आरक्षक से पूछताछ कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस रिश्वतखोरी मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
बेमेतरा पुलिस विभाग में पहली बड़ी ACB कार्रवाई
बताया जा रहा है कि बेमेतरा पुलिस विभाग में ACB की यह पहली बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले साजा विधानसभा क्षेत्र में एक पटवारी को भी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से सरकारी महकमों में खलबली मची हुई है। ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



