अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में कला केंद्र मैदान के अलॉटमेंट को लेकर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। इस मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है, जिसमें आवंटन प्रक्रिया और कथित रकम लेन-देन को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े :- Excise Transfer : आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल…! शासन ने जारी की तबादला सूची…कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
वायरल ऑडियो में स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार से जुड़े एक व्यक्ति और महापौर के बीच बातचीत का दावा किया जा रहा है, जिसमें मैदान आवंटन के नाम पर कथित रूप से बड़ी रकम की मांग और लेन-देन का उल्लेख है। ऑडियो सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इसी बीच अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने मामले को पूरी तरह निराधार और फर्जी बताते हुए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि और परिवार को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश है।
महापौर मंजूषा भगत ने आज आजाक थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए अनुराग मिश्रा सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
महापौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वायरल ऑडियो पूरी तरह से गलत और भ्रामक है, जिसका उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से वे और उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं।
वहीं कथित ऑडियो में एक व्यक्ति द्वारा वर्षों से कला केंद्र मैदान में बाजार लगाने और आवंटन प्रक्रिया से जुड़े विवाद का उल्लेख किया जा रहा है। इसमें कथित रूप से भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि किसी स्तर पर नहीं हुई है।
इस पूरे मामले पर अभी तक संबंधित पक्षों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



